यूपी – गाजियाबाद। स्वस्थ जनपद की दिशा में सार्थक पहल करते हुए रेड क्रॉस गाजियाबाद द्वारा दीनदयालपुरी की सेवा बस्ती में स्थित सेवा भारती विवेकानंद विद्या मंदिर में अध्ययनरत शिक्षार्थियों को होम्योपैथिक रोग प्रतिरोधक दवा पिलाई गई। इस स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के पहले चरण में चिकित्सक मानसी अग्रवाल ने स्वयं उपस्थित होकर 100 बच्चों को दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर बच्चों एवं विद्यालय प्रबंधन में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को मौसमी एवं सामान्य रोगों से सुरक्षित रखना रहा।

रेड क्रॉस की ओर से मनोज अग्रवाल, एम.सी. गौड़ एवं सभापति सुभाष गुप्ता ने सामूहिक रूप से चिकित्सक मानसी अग्रवाल के सेवा भाव और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें अंग वस्त्र ओढ़ाकर तथा राम जी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा भसीन ने रेड क्रॉस गाजियाबाद द्वारा जनपद में आरोग्य सेवा प्रारंभ किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य कार्यक्रम सेवा बस्तियों में रहने वाले बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने चिकित्सक टोली एवं रेड क्रॉस पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
रेड क्रॉस गाजियाबाद के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवा और रोग प्रतिरोधक कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों और जरूरतमंदों को लाभ मिल सके।







