यूपी – गाजियाबाद, नेहरू वर्ल्ड स्कूल में गुरुवार, 11 दिसंबर 2025 को 64वीं उत्तर प्रदेश सीनियर स्टेट पुरुष बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का रोमांचक फाइनल मुकाबला संपन्न हुआ। सात दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में प्रदेश की 44 टीमों के 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने हर मैच में उत्कृष्ट कौशल, बेहतर तालमेल और अद्भुत खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।
फाइनल दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी मौजूद रहे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल समिति के सचिव दिलीप सिंह, सेंट जेवियर वर्ल्ड स्कूल की डायरेक्टर विभा रावत, प्रधानाचार्या रत्ना त्यागी तथा भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बजपाल सिंह तेवतिया भी टीमों का मनोबल बढ़ाने के लिए उपस्थित रहे।

फाइनल मुकाबलों में पहला मैच मेरठ और बागपत की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें बागपत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेरठ को 64–56 से पराजित किया। वहीं प्रमुख फाइनल में उत्तर प्रदेश पुलिस ने दमदार खेल का परिचय देते हुए हाथरस पुलिस को 88–55 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान यूपी पुलिस की टीम ने तेज गति, मजबूत रक्षा और सटीक आक्रमण के दम पर बढ़त बनाए रखी।
परिणामों के आधार पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रथम स्थान, हाथरस ने द्वितीय स्थान और बागपत ने तृतीय स्थान हासिल किया। आयोजन समिति और दर्शकों ने विजेता टीमों को उत्साहपूर्वक बधाई दी। उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धा और बेहतर प्रबंधन के साथ यह चैम्पियनशिप सफलतापूर्वक संपन्न हुई।






