यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और मानचित्र विचलन के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शालीमार गार्डन क्षेत्र में बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देशों के तहत 10 दिसंबर 2025 को प्रवर्तन जोन-08 की टीम ने नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धाराओं के अंतर्गत दोनों भूखंडों पर कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई शालीमार गार्डन एक्स-1 स्थित भूखंड संख्या S-36 पर की गई, जहां स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अतिरिक्त तल के निर्माण हेतु खड़े किए गए कॉलम मिले। टीम ने मौके पर पहुंचकर इन कॉलमों को ध्वस्त कर दिया। दूसरी कार्रवाई शालीमार गार्डन मेन स्थित भूखंड संख्या B-90 पर की गई, जहां बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य शुरू किया गया था। यहां भी भूतल पर बनाए गए कॉलम तोड़ दिए गए।

ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने विरोध जताया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई सुचारू रूप से जारी रखी।
कार्रवाई के दौरान अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइज़र, प्राधिकरण पुलिस बल और थाना शालीमार गार्डन की पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







