केंद्रीय मंत्री करेंगे शुभारंभ और समापन – डॉ. अनिल अग्रवाल
यूपी – गाजियाबाद, मेरठ रोड स्थित एचआरआईटी यूनिवर्सिटी में 24 से 26 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मेगा इवेंट “राइज़ इन इंडिया” की तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन का शुभारंभ एस. पी. सिंह बघेल, राज्य मंत्री, भारत सरकार द्वारा किया जाएगा जबकि समापन समारोह में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण उपस्थित रहेंगे।
एचआरआईटी यूनिवर्सिटी के चांसलर एवं गाज़ियाबाद के पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम “अमृतकाल”, “मेक इन इंडिया” और आत्मनिर्भर भारत के विज़न पर आधारित है। इसका उद्देश्य केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकासात्मक कार्यों, योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों को आम जनता, युवाओं, किसानों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों तक पहुँचाना है।
यह प्रदर्शनी विज्ञान और प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं विकास, कृषि, पर्यावरण संरक्षण, हैंडलूम व ग्रामीण उद्योग, पर्यटन व इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, कौशल विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, बाल विकास तथा स्वास्थ्य जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगी।
राइज़ इन इंडिया के मुख्य उद्देश्यों में सरकारी योजनाओं और नीतियों पर जन-जागरूकता बढ़ाना, युवाओं हेतु कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करना, विज्ञान और तकनीक की दैनिक जीवन में भूमिका को समझाना, तथा मंत्रालयों और विभागों की उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करना शामिल है।
इस राष्ट्रीय आयोजन में डीआरडीओ, इसरो, जीएसआई, आईसीएमआर, वाणिज्य मंत्रालय, हैंडलूम विभाग, बीआईएस, एनसीआरटीसी सहित कई प्रमुख राष्ट्रीय संस्थान और मंत्रालय सहभागिता करेंगे।
यह कार्यक्रम छात्रों, उद्यमियों, शोधकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए ज्ञान, नवाचार और अवसरों का एक अनूठा राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा तथा भारत के विकासात्मक लक्ष्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

