नई दिल्ली- भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आज वाणिज्य मंत्रालय की स्थायी समिति के सदस्यों ने इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) की कार्यप्रणाली पर विस्तृत और रचनात्मक चर्चा की। बैठक में व्यापार संवर्धन, प्रदर्शनी प्रबंधन और वैश्विक स्तर पर भारत की व्यापारिक उपस्थिति को और मजबूत बनाने हेतु ITPO द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

चर्चा के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का भ्रमण किया, जहाँ विभिन्न राज्यों, मंत्रालयों, उद्योगों और उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत नवीन तकनीकों, उत्पादों और नवाचारों का अवलोकन किया गया। प्रतिनिधियों ने इन नवाचारों की उपयोगिता और भावी संभावनाओं पर विस्तृत संवाद किया।
पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में व्यापार, उद्योग, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस उपलब्धि का प्रतिबिंब मेले के हर पवेलियन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। देश का बदलता आर्थिक ढांचा, उभरता स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियाँ भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धा क्षमता को नई दिशा दे रही हैं।
मेले के दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों और उद्यमियों के साथ सार्थक संवाद हुआ। सभी ने भारत की प्रगतिशील आर्थिक नीतियों और नए अवसरों का स्वागत किया।
सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आज भारत की बढ़ती आर्थिक क्षमता, आत्मविश्वास और वैश्विक नेतृत्व का सशक्त प्रतीक बनकर नए भारत की ऊर्जा और दृष्टि को प्रदर्शित करता है।







