यूपी – औरंगाबाद (बुलंदशहर)। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) की मासिक पंचायत सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय लखावटी पर आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने आवारा पशुओं से हो रहे नुकसान को प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बताया कि खुले घूम रहे पशु खेतों में घुसकर फसलों को भारी क्षति पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में पशुओं में फैल रही बीमारियों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने किसानों को बीमार पशुओं के उपचार और बचाव के उपाय बताए। पंचायत के अंत में किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन पुलिस अधिकारियों को सौंपा और चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता जीत सिंह पिपाला ने की और संचालन हरबीर सिंह गंगहारी ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे और आवारा पशुओं की समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।







