यूपी – गाजियाबाद, 10 नवम्बर 2025। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने उपाध्यक्ष के निर्देशों पर अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए दुहाई क्षेत्र में लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
प्रभारी प्रवर्तन जोन-3 के नेतृत्व में टीम ने खसरा संख्या 471 व 475, निकट मधुबन बापूधाम बी-ब्लॉक (मिनी एमआईजी के पास) स्थित कॉलोनी में लगभग 6 बीघा क्षेत्र में बनाई गई बाउंड्रीवॉल, सड़क, नाली और कार्यालय आदि को बुलडोजर से ढहा दिया।
कार्यवाही के दौरान स्थानीय विकासकर्ताओं ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रित रही और ध्वस्तीकरण बिना रुकावट पूरा किया गया। मौके पर अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, मेट, स्थानीय पुलिस तथा प्राधिकरण पुलिस बल तैनात रहे।
प्राधिकरण अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अनधिकृत रूप से विकसित कॉलोनी में भूखंडों की खरीद-फरोख्त से बचें, अन्यथा उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।







