यूपी – गाजियाबाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर “क्षय रोग मुक्त भारत” अभियान के तहत भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी गाजियाबाद के तत्वावधान में एक सार्थक पहल की गई। सहयोगी संस्था रोटरी क्लब गाजियाबाद हिंडन ने क्लब अध्यक्ष रो. एस. वल्ली की अध्यक्षता में 20 क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली प्रदान की। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में जिला चिकित्सालय गाजियाबाद में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभापति सुभाष गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में जिला क्षय रोग टीम, डॉ. अंशुल चौधरी, डॉ. विनम गोयल, सुषमा गुप्ता, राकेश गुप्ता, गोमती, संजय यादव और विनोद कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रोटरी क्लब गाजियाबाद हिंडन द्वारा गोद लिए गए सभी रोगियों ने पहली बार किसी संस्था द्वारा कुशलक्षेम पूछे जाने और पोषण पोटली प्राप्त करने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने रेड क्रॉस सोसायटी और रोटरी क्लब हिंडन का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की पहल से न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ती है बल्कि रोगियों को मानसिक बल भी मिलता है।







