यूपी – गाजियाबाद 5 नवम्बर देव दिवाली के पावन अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था की गाजियाबाद इकाई के प्रतिनिधि मंडल ने मनन धाम मंदिर के सामने स्थित शहीद स्मारक पार्क में शहीद स्तंभ पर दीप प्रज्वलन किया, शहीदों को नमन किया और राष्ट्रीय एकीकरण का संकल्प लिया। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीर चक्र प्राप्त कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने बताया कि जिस प्रकार भगवान शिव ने देवताओं की रक्षा हेतु त्रिपुरासुर का संहार किया, उसी प्रकार हमारे सैनिक भी राष्ट्र की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देते हैं। इसलिए शहीद हमारे लिए देवता समान हैं और देव दिवाली पर हम उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्प लेते हैं।

इस अवसर पर गौरव सेनानी ज्ञान सिंह, चंदन सिंह, गणेश दत्त, राजेन्द्र त्रिपाठी, ब्रह्मपाल सिंह तोमर और विनय कक्कड़ ने कहा कि शहीद स्मारक पार्क राष्ट्रीय एकता और चरित्र निर्माण का सशक्त केंद्र है। प्रत्येक विद्यालय को वर्ष में कम से कम एक बार छात्रों को यहां लाना चाहिए ताकि वे शौर्य और बलिदान की भावना से परिचित हों। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जो भी अधिकारी गाज़ियाबाद में नियुक्त हो, उसे सबसे पहले शहीद स्तंभ पर आकर श्रद्धांजलि देनी चाहिए।
प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री जी जहाँ “एक जिला एक उत्पाद (ODOP)” की बात करते हैं, वहीं गाज़ियाबाद को एक “टूरिस्ट हब” के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, क्योंकि यहाँ दुदेश्वरनाथ मंदिर, शहीद स्मारक पार्क और सिटी फॉरेस्ट जैसे अनेक दर्शनीय स्थल हैं।







