
31 अक्टूबर को घंटाघर से निकलेगी ज्योति यात्रा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे समापन समारोह के मुख्य अतिथि
यूपी – गाजियाबाद। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से 37वां अखिल भारतीय खेलकूद समारोह एक से चार नवंबर 2026 तक पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, गाजियाबाद में आयोजित किया जाएगा। समारोह का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक नवंबर को करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपूर्व कुमार सिंह, निदेशक एक्जटो टेक्नोलॉजी लिमिटेड करेंगे।
आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए 31 अक्टूबर को अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा, घंटाघर से ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा हनुमान मंदिर, मालीवाड़ा होते हुए विद्यालय पहुंचेगी। इससे पूर्व 25 अक्टूबर को राजनगर में आयोजित मैराथन में दो हजार से अधिक विद्यार्थियों और नागरिकों ने भाग लिया था।
दो नवंबर को विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता एजी पॉलीपेक्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक गौरव डागा करेंगे।
चार नवंबर को समापन समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंट आरओ सिस्टम लिमिटेड के चेयरमैन महेश गुप्ता करेंगे।
प्रेस वार्ता में क्षेत्र संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, राम वरुण, दीपांशु पाल, विपिन राठी और अरुण सिरोही ने आयोजन की जानकारी दी। मीडिया संयोजक गौतम कुमार ने बताया कि विद्या भारती के देशभर में 12 हजार विद्यालयों में 37 लाख विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

