
यूपी – गाजियाबाद। प्रताप विहार सेक्टर-12 स्थित लीलावती इंटरनेशनल स्कूल एवं रोटरी क्लब गाजियाबाद इंडस्ट्रियल टाउन के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 25 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। एकत्रित रक्त जरूरतमंदों की सहायता के लिए ब्लड बैंक को सौंपा गया। वहीं स्कूल के लगभग 700 छात्र-छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में रक्तचाप, रक्त शर्करा, कोलेस्ट्रॉल, हीमोग्लोबिन, नेत्र, दंत एवं हड्डियों की जांच के साथ सामान्य चिकित्सक से परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। रक्तदाताओं को रक्त समूह एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद दान कार्ड, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष लोकेश कंसल, सचिव नरेश ढींगड़ा, विनोद अग्रवाल, जेएस शेरावत, आरएन पांडेय तथा लीलावती इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के चेयरमैन राजीव बग्गा उपस्थित रहे। शहर के सदर विधायक संजीव शर्मा ने अतिथियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा बच्चों को आशीर्वचन दिए।
इस अवसर पर सभी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है।

