
समाधान शक्ति सामाजिक संस्था की ओर से खेतान स्टेडियम में होगी निःशुल्क खेलकूद प्रतियोगिता
यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर समाधान शक्ति सामाजिक संस्था की ओर से 31 अक्टूबर को भव्य निःशुल्क खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष एवं निवर्तमान महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान के नेतृत्व में प्रतियोगिता सुबह 9 बजे राजेंद्र नगर स्थित खेतान स्टेडियम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंसीलाल गुर्जर उपस्थित रहेंगे। सांसद अतुल गर्ग, शहर विधायक संजीव शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की सहभागिता भी प्रस्तावित है।
प्रतियोगिता में 19 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ और 14 वर्ष से कम आयु के कनिष्ठ वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। दौड़, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कराटे, खो-खो, बैडमिंटन, रस्साकशी और भारोत्तोलन की स्पर्धाएं होंगी। विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे।
संस्था के मीडिया प्रभारी प्रतीक माथुर ने बताया कि संस्था कई वर्षों से यह प्रतियोगिता निःशुल्क आयोजित कर रही है। इसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाना है।

