श्री सनातन धर्म रामलीला में रावण-वेदवती संवाद, राम जन्म और बाललीला का मंचन

यूपी – गाजियाबाद, 10 अक्टूबर। विजयनगर मिलिट्री ग्राउंड स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी में शनिवार को रावण-वेदवती संवाद, रावण दिग्विजय, भगवान राम के जन्म और बाललीला का मनोहारी मंचन किया गया।

लीला में दिखाया गया कि वन में तपस्या कर रही वेदवती को देखकर रावण मोहित हो जाता है और उसे लंका की महारानी बनने का प्रस्ताव देता है। वेदवती भगवान विष्णु को पति रूप में पाने की इच्छा जताते हुए रावण को शाप देती हैं कि वही उसके विनाश का कारण बनेगी। इसके बाद रावण ब्रह्मा से वरदान प्राप्त कर तीनों लोकों पर विजय पाने निकल पड़ता है।

दूसरे प्रसंग में राजा दशरथ के संतान प्राप्ति के लिए पुत्रेष्टि यज्ञ कराने और माता कौशल्या की गोद में भगवान राम के जन्म का मंचन हुआ। अयोध्या में खुशियां छा गईं। बाललीला में राम की मनमोहक लीलाओं और चारों भाइयों के प्रेम ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मंचन से पहले कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव सतीश शर्मा, कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम, देवेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव रवि कौशिक, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी और मनोज नागर ने मंच पर भगवान गणेश की आरती की। इसके बाद रामलीला का मंचन शुरू हुआ।