मतदाता सूची में अनियमितता का आरोप, सपा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

यूपी – गाजियाबाद, 30 सितंबर। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष फैसल हुसैन एडवोकेट और महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्नातक एवं गैर-स्नातक व्यक्तियों का मतदाता पंजीकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियमावली, 1960 के नियम 31 तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के प्रावधानों के उल्लंघन की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की।

सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से स्नातक उत्तीर्ण व्यक्तियों के दस्तावेज उनकी जानकारी या सहमति के बिना प्राप्त कर उनका दुरुपयोग किया गया है। संबंधित संस्थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित भूमिका की भी जांच की मांग की गई।

इस दौरान जिला महासचिव नितिन त्यागी, महानगर महासचिव राजन कश्यप, वरिष्ठ नेता रमेश यादव एडवोकेट, महानगर उपाध्यक्ष मुकेश यादव, जिला सचिव कृष्ण यादव, यूथ बिग्रेड जिलाध्यक्ष इरफान, अमानत चौधरी, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष असलम कुरैशी, युवजन सभा महानगर अध्यक्ष विक्की ठाकुर, महानगर सचिव सत्य प्रकाश कंसल, अत्ताउल्लाह खान, रामपाल सिंह राजोरा, नवीन शर्मा, रिजवान चौधरी, खालिद खान, राहुल रावत और कार्यालय प्रभारी मौजूद रहे। ज्ञापन की प्रतियां संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को भी भेजी गईं।