
यूपी – गाजियाबाद। हिंदी भवन समिति की ओर से आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं कवि सम्मेलन में हिंदी के 35 मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में देश के विभिन्न शहरों से आए आठ कवियों ने करीब चार घंटे तक गीत, गजल, कविता और हास्य रचनाओं से श्रोताओं को बांधे रखा। इनमें चार कवि पहली बार हिंदी भवन के मंच पर पहुंचे।
मुख्य अतिथि डीसीपी धवल जायसवाल और मुख्य वक्ता पीजीडीएवी कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. हरीश अरोड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। धवल जायसवाल ने कहा कि हिंदी के प्रचार-प्रसार में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. हरीश अरोड़ा ने कहा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हिंदी का भविष्य उज्ज्वल है।
हिंदी भवन समिति के अध्यक्ष ललित जायसवाल ने बताया कि हिंदी दिवस और हिंदी पखवाड़े के अवसर पर प्रतिवर्ष कवि सम्मेलन के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। महासचिव सुभाष गर्ग सहित अन्य पदाधिकारियों ने रचनाकारों का स्वागत किया।
कवि सम्मेलन में सिकंदरा राऊ से डॉ. विष्णु सक्सेना, दिल्ली से डॉ. प्रवीन शुक्ल, राज कौशिक, ग्वालियर से अतुल अजनबी, पानीपत से मनु बदायूँनी, अंजु जैन, मथुरा से मनवीर मधुर ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। डॉ. प्रवीन शुक्ल ने शानदार संचालन भी किया।


