हनुमान अंश फिल्म के भजन गायक सुनील लोधी का नगर निगम में सम्मान

यूपी – गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में हनुमान अंश फिल्म के सुप्रसिद्ध भजन गायक कलाकार सुनील लोधी का नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और पार्षदों ने सम्मान किया। कार्यक्रम में सुनील लोधी ने हनुमान अंश फिल्म में गाया भजन “मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान सागर में नैया डाल दई” सुनाकर उपस्थित लोगों को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद पार्षदों और निगम टीम ने जय श्री राम का जयघोष किया।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और सुनील लोधी ने संयुक्त रूप से शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर और शहर को स्वच्छ रखना सच्ची भक्ति के साथ देश के प्रति प्रेम का भी प्रतीक है। इस दौरान पार्षदों ने सुनील लोधी से उनके जीवन और संगीत यात्रा से जुड़े सवाल किए, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया।

कार्यक्रम में सुनील लोधी को शॉल व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा राम दरबार और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। प्रभारी नजारत डॉ. अनुज सहित निगम टीम मौजूद रही। पार्षद मनोज त्यागी, प्रदीप चौधरी, नीरज गोयल, सुमन जाटव, कुलदीप त्यागी, सुभाष चौधरी, विनिल दत्त, रेखा गोस्वामी, मधुकर त्यागी और अमित त्यागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में “स्वच्छता की बात, भक्ति के साथ” का संदेश दिया गया।