इंदिरापुरम में जल्द खुलेगा संस्कृत दर्शन पार्क, संस्कृति और ज्ञान परंपरा से जोड़ेगा नई पीढ़ी को

यूपी गाजियाबाद। भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा और संस्कृत भाषा के गौरव को आधुनिक स्वरूप में जनसामान्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा इंदिरापुरम में विकसित किया जा रहा ‘संस्कृत दर्शन पार्क’ तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस पार्क के निर्माण कार्यों का जीडीए अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।

पार्क में वेद, उपनिषद, महाकाव्य, भारतीय दर्शन और संस्कृत साहित्य से जुड़े विषयों को आकर्षक एवं आधुनिक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से बच्चों और युवाओं में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति रुचि एवं जिज्ञासा बढ़ाना है।

पार्क में विभिन्न विषयों पर आधारित संरचनाएं, संस्कृत के श्लोक और सूक्तियां, आकर्षक हरित क्षेत्र, फव्वारे एवं जल संरचनाएं, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा जनसुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इससे यह स्थान मनोरंजन के साथ ज्ञान और संस्कृति से परिचित कराने वाले सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

जीडीए अधिकारियों के अनुसार शेष कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अक्टूबर में पार्क को आमजन के लिए खोले जाने की संभावना है। पार्क विद्यार्थियों, युवाओं, नागरिकों और पर्यटकों को भारतीय संस्कृति एवं संस्कृत भाषा से जोड़ने वाला नया केंद्र बन सकता है।