जयसिंह कश्यप हत्याकांड में दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, पीड़ित परिवार से मिले मंत्री नरेंद्र कश्यप

यूपीमुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ में जयसिंह कश्यप की हत्या के बाद राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए निजी स्तर पर 50 हजार रुपये की सहायता दी। साथ ही जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को शासन से अनुमन्य आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए।

नरेंद्र कश्यप ने मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष से घटना की जानकारी ली। उन्होंने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को गंभीरता से कार्रवाई करने और दो दिन के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

राज्यमंत्री ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी आरोपियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का अनुरोध करेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को मामले की विवेचना प्रभावी ढंग से करने और पीड़ित परिवार को आवश्यक सुरक्षा एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।