दूधेश्वर नाथ मंदिर में 14 से 17 सितंबर तक होगा गणपति लड्डू महोत्सव

17 सितंबर को निकलेगी भव्य गणपति शोभायात्रा, 2100 लड्डुओं का लगेगा भोग

गाजियाबाद। सिद्धपीठ श्री दूधेश्वर नाथ मठ महादेव मंदिर में 14 से 17 सितंबर तक दूधेश्वर गणपति लड्डू महोत्सव श्रद्धा और वैदिक परंपरा के साथ आयोजित होगा। 17 सितंबर को भगवान गणेश की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी पीठाधीश्वर एवं श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमहंत नारायण गिरि ने प्रेस सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि महोत्सव वर्ष 2011 में शुरू हुआ था और इस वर्ष 16वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। 14, 15 और 16 सितंबर को गणपति सहस्रनाम के साथ विशेष अभिषेक, पूजन, दूर्वा अर्चना और 2100 लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्य वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अनुष्ठान कराएंगे।

मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष अनुज धर्म गर्ग ने बताया कि 17 सितंबर को शोभायात्रा दूधेश्वर नाथ मंदिर से दिल्ली गेट, डासना गेट, रमते राम रोड, गंज अनाज मंडी, घंटाघर, चोपड़ा मंदिर, अग्रसेन बाजार और सिहानी गेट होते हुए मीनामल की धर्मशाला पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा मनन धाम, सिद्धपीठ काली मंदिर मुरादनगर होते हुए दूधेश्वर घाट पहुंचेगी।

महोत्सव की व्यवस्थाओं में विजय मित्तल और श्रृंगार सेवा समिति की भूमिका रहेगी। प्रेस वार्ता में महेश दास महाराज, अनुज धर्म गर्ग, विजय मित्तल, विजय सिंघल और मीडिया प्रभारी पिंटू सुथार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।