सेवा संकल्प अभियान को ऐतिहासिक बनाने में जुटेगा जिला प्रशासन

प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

यूपीगाजियाबाद। दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। विकास भवन पहुंचने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ सहित अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। बताया गया कि अभियान के तहत 12 अध्यायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद प्रमुख हैं।

प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, विधायक मंजू शिवाच, संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद धर्मपाल सिंह ने मीडिया को अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।