पंजाबी समाज को गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से एक पर प्रतिनिधित्व देने की मांग

इंदरजीत सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेतृत्व को भेजा खुला पत्र

गाजियाबाद। पंजाबी समाज के शुचिंतक एवं सेवाधार इंदरजीत सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व, जिला प्रभारी, सांसदों और विधायकों के समक्ष खुला पत्र भेजकर आगामी विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से किसी एक पर पंजाबी समाज के योग्य एवं जनाधार वाले व्यक्ति को अवसर देने की मांग की है।

इंदरजीत सिंह ने पत्र में कहा कि पंजाबी और सिख समाज दशकों से भाजपा तथा एनडीए के साथ खड़ा रहा है। समाज का गठबंधन के साथ संबंध केवल राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रहित, त्याग और भाईचारे की भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों पर पंजाबी समाज का विश्वास है।

उन्होंने गाजियाबाद के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 1952 और 1967 के बाद स्वर्गीय सरदार तेजा सिंह ने लंबे समय तक पंजाबी समाज का नेतृत्व किया। इसके बाद करीब छह दशक से समाज को विधानसभा में प्रतिनिधित्व का अवसर नहीं मिला है।

इंदरजीत सिंह ने एनडीए नेतृत्व से पंजाबी समाज की मांग पर गंभीरता से विचार कर आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज हमेशा एनडीए के साथ खड़ा रहा है और आगे भी मजबूती से साथ रहेगा।