गाजियाबाद 360 में दिखी विकास की नई तस्वीर, मुख्यमंत्री ने किया अनावरण

164 पृष्ठों में 150 से अधिक परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं का विवरण

गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम की विकास एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी उपलब्धियों पर आधारित ‘गाजियाबाद 360’ कॉफी टेबल बुक का अनावरण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को शुभकामनाएं देते हुए नगर निगम के कार्यों की सराहना की। 164 पृष्ठों की पुस्तक में 150 से अधिक पूर्ण, निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं को दर्शाया गया है।

मुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त से बायोडायवर्सिटी पार्क, बायो-सीएनजी प्लांट, सीएम ग्रिड फेज-2, उपवन योजना और ठोस कचरा प्रबंधन सहित प्रमुख योजनाओं की जानकारी ली। पुस्तक में नगर निगम की आगामी कार्ययोजनाओं को देखकर उन्होंने संतोष जताया।

इस मौके पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़, पुलिस उपायुक्त जे. रविंदर गौड, जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ उपस्थित रहे।

महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में शहर हित और पर्यावरण संरक्षण के लिए अनेक कार्य हुए हैं। आई-सीसीसी, आईटीएमएस, वीटीएमएस और ई-ऑफिस जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं इसका उदाहरण हैं। मियावाकी पद्धति से पौधरोपण और सीएम ग्रिड फेज-2 जैसी योजनाएं भी पुस्तक में शामिल हैं।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि ‘गाजियाबाद 360’ में पूर्ण परियोजनाओं के साथ आगामी योजनाओं को भी शामिल किया गया है। इसमें बायो-सीएनजी, वर्षा जल संचयन, 10 एमएलडी गंगा जल आपूर्ति, 17 स्थानों पर मियावाकी वन, ई-बस, स्मार्ट लाइटिंग, डिजिटल नागरिक सेवाएं और अपशिष्ट प्रबंधन सहित विभिन्न कार्यों का विवरण दिया गया है।