
यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मधुबन बापूधाम योजना के पॉकेट-बी स्थित अमृत वन वाटिका पार्क सहित विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया। अभियान का शुभारंभ जीडीए उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने हरि संकरी के अंतर्गत पीपल, बरगद और पिलखन के पौधे लगाकर किया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विवेक कुमार मिश्र, प्रदीप कुमार सिंह, आलोक रंजन, लवकेश कुमार सिंह, योगेश पटेल, अजीत कुमार बघाड़िया, राजकुमार वर्मा और संजीव कुमार सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मधुबन बापूधाम के निवासी, स्थानीय नागरिक तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में उत्तर प्रदेश शासन ने जीडीए को 1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। इसके तहत विभिन्न योजनाओं, पार्कों और हरित पट्टियों में चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण किया जाएगा। अभियान के दौरान पीपल, बरगद, पिलखन, जामुन, गुलमोहर, कदंब, नींबू, मौलश्री, टिकोमा, चाँदनी, बोतल ब्रश, चक्रेशिया तथा लाल-पीली कनेर सहित कई छायादार और पर्यावरण हितैषी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। जीडीए ने पौधों की सिंचाई, संरक्षण और नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी बात कही।

