यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद। साहिबाबाद स्थित यूएफओ अकादमी इंडिया, ए-74 शिव शक्ति विहार, लाजपत नगर में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खो-खो खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में आयोजित 35वीं सब-जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली उत्तर प्रदेश टीम के खिलाड़ियों और कोचों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि भूपेंद्र सिंह (महासचिव, खो-खो स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश एवं प्रदेश महासचिव, राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश) ने गाजियाबाद के खिलाड़ियों ध्रुव, तनिश, युवराज और देव कुमार तथा प्रशिक्षक शुभम कामत, मनीष कुमार, मोहित कुमार और सारिक को सम्मान पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। रिंकू कुमार ने काव्या स्पोर्ट्स की ओर से सभी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को टी-शर्ट भेंट की।
समारोह में कपिल शर्मा, प्रशांत भारद्वाज, मनोज पंवार, दीपिका विश्वकर्मा, कमला सावंत, डॉ. प्रवीण कुमार और रिंकू सहित अनेक खेल प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है और ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। अकादमी संचालक एवं महासचिव कपिल शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि यूएफओ अकादमी इंडिया भविष्य में भी ग्रासरूट स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का कार्य करती रहेगी।

