यूपी – गाजियाबाद। आम आदमी पार्टी ने रविवार को घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह प्रतिमा के निकट राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने भिक्षाटन कर प्रतीकात्मक रूप से ₹420 का चेक तैयार किया और उसे चंपत राय के नाम भेजने की घोषणा की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और कटोरे लेकर नारेबाजी की तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष निमित यादव ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे और ट्रस्ट से जुड़े भूमि सौदों में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग की।
ओबीसी प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. छवि यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों के आधार पर भूमि खरीद-फरोख्त में कथित गड़बड़ियों के आरोप लगाए गए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कार्यक्रम में शिल्पी सचान, जतिन शर्मा, शैलेश कुमार, सतपाल सिसोदिया, रवीश सिसोदिया, मयंक जैन, रहीसुद्दीन सैफी, अनुज शर्मा, एडवोकेट सुमित देशबंधु, स्वतंत्र यादव, गौरव शर्मा, राजेश यादव, तरूणिमा श्रीवास्तव, प्रशांत गुप्ता, महेश शर्मा, अशोक तोमर और आदित्य सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







