यूपी – गाजियाबाद। शहर में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए 92 करोड़ 22 लाख 49 हजार रुपये की लागत से राजनगर एक्सटेंशन में भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू हो गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस, उत्तर प्रदेश जल निगम है।
नगर आयुक्त को परियोजना की विस्तृत प्रेजेंटेशन दी गई, जिसमें बताया गया कि 48 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाले इस कॉम्प्लेक्स में आउटडोर और इंडोर खेलों की अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। इसमें क्रिकेट पिच, टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल, जॉगिंग ट्रैक के साथ बैडमिंटन, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक, जूडो, कबड्डी, स्विमिंग, ताइक्वांडो और योग सहित करीब 30 इंडोर खेल शामिल होंगे।
बैठक में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी, पल्लवी सिंह, डॉ. अनुज और डॉ. मिथिलेश मौजूद रहे। सभी को समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण कार्य के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने कहा कि यह कॉम्प्लेक्स स्थानीय लोगों के लिए खेल और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। पर्यावरण अनुकूल तकनीक के साथ बनने वाला यह प्रोजेक्ट 15 माह में पूरा करने का लक्ष्य है, जिससे शहर के खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा।








