यूपी – गाजियाबाद, 30 अप्रैल 2026। वसुंधरा सेक्टर-16 स्थित प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय में सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी के नेतृत्व में क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी अंकित सिंह से मुलाकात कर शहर के बढ़ते वायु प्रदूषण पर गंभीर चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल में फ्लैट ओनर फेडरेशन, आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद, कन्फेडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए फेडरेशन उत्तर प्रदेश, लाइन पार फेडरेशन विजयनगर और ट्रांस हिंडन आरडब्ल्यूए फेडरेशन के पदाधिकारी शामिल रहे।

कर्नल त्यागी ने कहा कि यदि प्रशासन ने सिविल सोसाइटी के 5 प्रतिशत सुझावों पर भी अमल किया होता तो गाजियाबाद देश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों में शामिल न होता। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में दिए गए आठ प्रमुख सुझाव—जैसे वर्टिकल गार्डनिंग, पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुदृढ़ीकरण, ई-वेस्ट सेंटर, सेनेट्री लैंडफिल और फैक्ट्रियों की निगरानी—पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
बैठक में तरुण चौहान, ज्ञान सिंह, चंदन सिंह, गणेश दत्त, बीपीएस भाटिया, संदीप कुमार गुप्ता, जीएस सिद्धू, अंजू शर्मा, डॉ. मधु सिंह और मंजू शर्मा ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की बात कही और जिलाधिकारी से सिविल सोसाइटी के साथ संवाद की मांग उठाई।
अंकित सिंह ने आश्वासन दिया कि कर्नल त्यागी को जिला प्रदूषण समिति में शामिल किया जाएगा और 4 मई को जिलाधिकारी के साथ बैठक कराने का प्रयास होगा।








