यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए राजनगर और कविनगर मंडल में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित कीं। कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के आह्वान पर हुआ, जिसमें बूथ प्रबंधन को आगामी चुनावी रणनीति का केंद्र बताया गया।
मुरादनगर विधानसभा संयोजक (बूथ प्रबंधन) एवं नामित पार्षद प्रदीप चौधरी ने कहा कि “मजबूत बूथ ही संगठन की जीत की आधारशिला है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ को सक्रिय और संगठित बनाने का आह्वान करते हुए बताया कि राजनगर, कविनगर, गोविंदपुरम, मुरादनगर शहर और देहात मंडलों में बूथ समितियों का गठन और मतदाता सूची का सूक्ष्म प्रबंधन प्राथमिकता पर होगा।
महानगर मंत्री प्रीति चंद्रा राय ने बूथ प्रबंधन को संगठन की जमीनी ताकत बताते हुए जिम्मेदारियों के निष्ठापूर्वक निर्वहन पर जोर दिया। वहीं ऊषा चौधरी ने प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार करने का आह्वान किया।
बैठकों में महानगर संयोजक अमित रंजन, विनीत शर्मा, कुलदीप त्यागी, अभिजीत मुखर्जी, मनोज गिरी, अशोक राव, सरदार पम्मी, हिमांशु मित्तल, कुंवर पाल चौधरी, सुनील खोखर और करण शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राजनगर मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी और कविनगर मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर ने “मजबूत बूथ, मजबूत संगठन” के संकल्प के साथ किया।








