यूपी – गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा निर्मित उत्तरांचल और पूर्वांचल भवन के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि भवन का संचालन अब नगर निगम स्वयं करेगा, जिससे सर्व समाज को इसका लाभ मिल सके।
सोसाइटी एक्ट के तहत भवन का पंजीकरण कराते हुए समिति का गठन किया गया है, जिसमें नगर आयुक्त को अध्यक्ष, अपर नगर आयुक्त को सचिव तथा नजारत प्रभारी, संपत्ति प्रभारी, लेखाधिकारी सहित कुल नौ अधिकारियों को शामिल किया गया है। साथ ही उत्तरांचल और पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों को भी सदस्य के रूप में जोड़ा गया है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि भवन के संचालन के लिए समाज के संगठनों को डेढ़ वर्ष का समय सदस्य बनने के लिए दिया गया था, लेकिन अपेक्षित सहभागिता नहीं मिलने पर निगम द्वारा संचालन का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि 6 मई को उत्तरांचल भवन में सदस्यता के लिए विशेष कैंप लगाया जाएगा।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, पूर्वांचल समाज से राकेश तिवारी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। निर्णय लिया गया कि समिति के माध्यम से नियमानुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

