यूपी – गाजियाबाद। दुर्गावती हेमराज टाह सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कराटे प्रशिक्षण हेतु आवश्यक मेट्स का पूजन कर उद्घाटन किया गया। कक्षा 6 की छात्राओं ने नारियल फोड़कर उत्साहपूर्वक कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम में कोच अभिवन, क्षेत्रीय खेल सह-संयोजक रविंदर, विपिन शर्मा, राजबाला और सोनू ने विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा के गुर सीखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा कर सकें। साथ ही उन्होंने छात्राओं को केवल रक्षा ही नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ खड़े होने के लिए भी प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य विपिन राठी ने अपने संबोधन में शारीरिक क्षमता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त शरीर व्यक्ति को हर चुनौती का सामना करने में सक्षम बनाता है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण पूरे वर्ष संचालित किया जाएगा, जिससे छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ आत्मरक्षा में भी दक्ष बन सकें।





