गाजियाबाद में महापंचायत आयोजित कर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
यूपी – गाजियाबाद। अंबेडकर रोड स्थित सिटी होटल में सवर्ण महासभा के तत्वावधान में बैठक आयोजित कर यूजीसी के नए प्रावधानों का विरोध किया गया। बैठक में वक्ताओं ने संशोधित यूजीसी नियमों को शिक्षा व्यवस्था के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
सवर्ण महासभा के प्रवक्ता बीके शर्मा हनुमान ने कहा कि जल्द ही गाजियाबाद में विशाल महापंचायत आयोजित कर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कानून शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय समाज को जाति और वर्ग के आधार पर बांटने का काम करेगा, जिससे सामाजिक समरसता और समान अवसर की भावना को नुकसान पहुंचेगा।
महासभा के संयोजक सेवाराम त्यागी, वीके अग्रवाल, विनय कक्कड़, विवेक तोमर और सुरेश शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि सवर्ण समाज के हितों की रक्षा के लिए अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी के प्रावधानों से सवर्ण समाज के बच्चों के शिक्षा अधिकार पर असर पड़ सकता है, जिसे समाज स्वीकार नहीं करेगा।
बैठक में स्वरूपचंद शर्मा, हरिओम त्यागी, उमेश गर्ग, नरेंद्र गुप्ता नंदी, राकेश गुप्ता, सतीश चोपड़ा, कुलदीप शर्मा, कल्याण देवत्यागी, प्रेमचंद त्यागी, धनप्रकाश त्यागी, अनिल त्यागी, सोमेंद्र त्यागी, हरिओम त्यागी, राकेश शर्मा सदरपुर, मनोज त्यागी, श्रद्धानंद त्यागी, देवेंद्र शर्मा, संजय चौहान, अशोक भारतीय, एनके गोयल, आरके गोयल, बृजमोहन त्यागी, सुरेंद्र पाल त्यागी, एसके मिश्रा, डॉ एसके शर्मा विजयनगर, सुनील निगम और प्रभात त्यागी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।





