यूपी – गाजियाबाद। हाउस टैक्स को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति के बीच पुरानी दरों पर ही टैक्स जमा कराने के निर्णय का राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं ने स्वागत किया है। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ एवं मेरठ मंडल प्रभारी इन्द्रजीत सिंह टीटू ने महापौर सुनीता दयाल को इस निर्णय के लिए बधाई दी।
इन्द्रजीत सिंह टीटू ने कहा कि गाजियाबाद की जनता के हित और उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए महापौर सुनीता दयाल ने एक मजबूत और स्वागतयोग्य निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से हाउस टैक्स को लेकर शहर में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी और इस मुद्दे पर लगातार बैठकों का दौर चल रहा था।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम जनता भी चाहती थी कि शहर के हित में ऐसा निर्णय लिया जाए जिससे लोगों को राहत मिल सके। महापौर सुनीता दयाल ने जनता की भावनाओं को समझते हुए घोषणा की है कि हाउस टैक्स पुरानी दरों पर ही जमा किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोकदल नेता इन्द्रजीत सिंह टीटू ने कहा कि यह निर्णय शहरवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह सकारात्मक और जनता के हित में फैसले लिए जाते रहेंगे।








