लखनऊ में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक, जल्द पूरी होंगी औपचारिकताएं
यूपी – गाजियाबाद। हाउस टैक्स वृद्धि को लेकर शहर में चल रही चर्चाओं के बीच महापौर सुनीता दयाल ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि फिलहाल गाजियाबाद में हाउस टैक्स में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी और नगर निगम द्वारा पुरानी दरों पर ही हाउस टैक्स वसूला जाएगा। इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया और औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएंगी।
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि वह शुरू से ही जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्षशील रही हैं और आगे भी जनता की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए गए, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
महापौर ने गाजियाबाद की जनता को राहत मिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार और शासन का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम फिलहाल पुरानी दरों के आधार पर ही हाउस टैक्स की वसूली करेगा, जिससे शहर की जनता को किसी प्रकार की अतिरिक्त आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
महापौर ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर नगर निगम हमेशा जनता के साथ खड़ा रहेगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।








