यूपी – गाजियाबाद/मोदीनगर। 26 कॉलोनी श्रमिक आवास की समस्या के समाधान की मांग को लेकर संयुक्त जन अधिकार मोर्चा (श्रमिक उत्थान ट्रस्ट, जन अधिकार मोर्चा और श्रमिक संघर्ष समिति) के आह्वान पर मंगलवार को नगर पालिका परिषद मोदीनगर के गेट पर सुबह 11 बजे शांतिपूर्ण धरना शुरू किया गया। धरने से पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों और एसडीएम को इसकी सूचना दे दी गई थी।

धरने का संचालन संयोजक देवव्रत धामा और अध्यक्षता सुशील शर्मा ने की। आंदोलनकारियों का आरोप है कि धरना शांतिपूर्वक चल रहा था, लेकिन पालिका के सफाई कर्मचारियों को किसी अज्ञात व्यक्ति के उकसावे पर तीन बार अभद्रता करने के लिए भेजा गया। दोपहर करीब 2:30 बजे कर्मचारियों ने धरने का बैनर फाड़ दिया, माइक व साउंड सिस्टम तोड़ दिया और दरियां उठा कर फेंक दीं। आंदोलनकारियों का कहना है कि करीब 50-60 कर्मचारियों ने वरिष्ठ नागरिकों और मौजूद पत्रकारों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया तथा मोबाइल तोड़ने का प्रयास किया।
घटना की सूचना तुरंत एसडीएम को दी गई, जिसके बाद नायब तहसीलदार और कानूनगो मौके पर पहुंचे। प्रशासन के अनुरोध पर धरना दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। प्रशासन ने दो दिन में बैठक कर समाधान का आश्वासन दिया है, अन्यथा 13 मार्च से पालिका या तहसील पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
धरने में देवव्रत धामा, तेजपाल पोसवाल, कुलदीप सैनी, महेश कश्यप, निर्दोष खटाना, राजेश जाटव, जावेद मास्टरजी, अतुल त्यागी, डॉ अनिल, ओमप्रकाश शर्मा, दिनेश शर्मा, सत्यप्रकाश सैनी, रविंद्र ठाकुर, मोहम्मद रिजवी, गुड्डी, एन.के. दीक्षित, हरिओम त्यागी, बालमुकुंद शर्मा, सुनील रस्तोगी, आर.पी. सिंह, मनीष शर्मा, संदीप भारद्वाज, नवनीत तोमर, सय्यद हसन और विपिन चौधरी मुख्य रूप से मौजूद रहे।





