यूपी – गाजियाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी 2026 को किया गया है। प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है तथा जनपद गाजियाबाद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दी गई है। मतदाता सूची देखने के लिए नागरिक https://ghaziabad.nic.in लिंक पर जाकर अपनी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र का चयन कर सकते हैं।
आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची में मतदाता अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह दावे एवं आपत्ति की अवधि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक फार्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज करा सकता है। वहीं, यदि मतदाता को अपनी प्रविष्टि में संशोधन कराना है अथवा अपना नाम किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र या अन्य बूथ में पंजीकृत कराना है, तो इसके लिए फार्म-8 भरा जा सकता है।
फार्म भरने के लिए मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर नियुक्त पदाभिहित अधिकारी या तहसील कार्यालय से फार्म प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। सभी पात्र नागरिकों से अपील है कि वे निर्धारित अवधि में अपने मतदाता विवरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही समय पर सुनिश्चित करें।







