
यूपी – गाजियाबाद। सरवंश दानी गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष में गुरुद्वारा दशमेश दरबार, प्रताप विहार द्वारा भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन की शुरुआत प्रातः 10 बजे गुरुद्वारा दशमेश दरबार से गुरु ग्रंथ साहिब और पांच प्यारों की अगुवाई में हुई। यह नगर कीर्तन सम्राट चौक, थाना चौक और मेडिकल चौक से होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पर ही संपन्न हुआ।

नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न गुरुद्वारों से आई संगत कीर्तन करते हुए चली। दयाल पब्लिक स्कूल, लीलावती स्कूल, ईस्ट दिल्ली पब्लिक स्कूल सहित कई विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही गतका पार्टी ने शौर्य कला का प्रदर्शन किया, जिसने संगत को आकर्षित किया। पंजाब से आए बैंड की मधुर धुनों ने नगर कीर्तन को और अधिक भव्य बना दिया।

नगर कीर्तन के मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा संगत का स्वागत किया गया और जलपान की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से व्यवस्थाओं में सहयोग किया। आयोजन में विधायक संजीव शर्मा, भाजपा अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा वरिष्ठ नेता सरदार एस.पी. सिंह, के.के. शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और पत्रकार बंधु विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य संरक्षक हरप्रीत सिंह जग्गी, अध्यक्ष हरजीत सिंह और सचिव सुखविंदर सिंह द्वारा उपस्थित अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने नगर कीर्तन में सहयोग करने वाले सभी संस्थाओं, संगत और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
नगर कीर्तन में प्रमुख रूप से सरदार इकबाल सिंह सोढी, मंजीत सिंह सेठी, जसवीर सिंह, जगमोहन सिंह, गगन अरोरा, के. दयाल सिंह, संदीप सिंह, इंद्रजीत टीटू, गौरव चोपड़ा सहित अनेक श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन श्रद्धा, अनुशासन और भाईचारे के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







