यूपी – गाजियाबाद, मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम शाहजहांपुर निवासी दीपक राठी के सुपुत्र दीपांशु राठी के इंडियन नेवी में लेफ्टिनेंट (टेक्निकल) पद पर चयनित होने पर गांव में हर्ष और गर्व का माहौल रहा। इस उपलब्धि पर जिला जाट समाज के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने उनके गांव पहुंचकर दीपांशु राठी को सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि दीपांशु राठी ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सेना और नौसेना जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में युवाओं का चयन पूरे समाज और क्षेत्र के लिए गौरव की बात होती है। इससे आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर जिला जाट समाज के कार्यवाहक अध्यक्ष राजकुमार चौधरी, चेयरमैन अमरजीत सिंह बिड्डी, अजयपाल प्रमुख, अरुण चौधरी भुल्लन (अध्यक्ष परिचय सम्मेलन), विनीत चौधरी, रविंद्र चौधरी, सतीश राठी और सतेंद्र तेवतिया उपस्थित रहे। सभी ने दीपांशु राठी के माता-पिता को भी इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि परिवार के संस्कारों और सहयोग का ही यह परिणाम है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दीपांशु राठी के उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य जीवन की कामना की।







