यूपी – गाजियाबाद, 58वीं राष्ट्रीय सीनियर पुरुष/महिला खो-खो चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम के चयन एवं ट्रायल 14 दिसंबर 2025, रविवार को आयोजित किए जाएंगे। यह ट्रायल गीता संजय मेमोरियल पब्लिक स्कूल, लोहिया नगर “बी ब्लॉक” गाजियाबाद में प्रातः 8:30 बजे से शुरू होगा। पूरे उत्तर प्रदेश से महिला एवं पुरुष खिलाड़ी ट्रायल में शामिल होकर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नियुक्त चयनकर्ता खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश की पुरुष एवं महिला टीम का चयन करेंगे। चयनित टीमें 11 जनवरी 2025 से 15 जनवरी 2026 तक काजीपत्त, तेलंगाना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस महत्वपूर्ण दायित्व के आयोजन की जिम्मेदारी जिला खो-खो एसोसिएशन गाजियाबाद को सौंपी गई है।
ट्रायल के इंचार्ज डॉ. प्रवीण कुमार और भूपेंद्र सिंह होंगे। आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्थाएँ विद्यालय निदेशक अंकुर जिंदल, प्रधानाचार्या अलका सिंगल और विद्यालय समन्वयक जुगेश वर्मा के नेतृत्व में पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की तैयारी में डॉ. रिचा सूद, डॉ. अरुण त्यागी, सुनील वशिष्ठ, अशोक त्रिपाठी, नरेश चौधरी, अशोक नागर, कपिल शर्मा, शुभम शर्मा, सचिन कुमार, हेमंत शर्मा और आदिल खान का विशेष सहयोग रहा।
जिला खो-खो एसोसिएशन गाजियाबाद की अध्यक्ष डॉ. रिचा सूद ने बताया कि ट्रायल को सफल एवं पारदर्शी तरीके से आयोजित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में प्रतिभागियों की फिटनेस, कौशल और खेल के प्रति समर्पण को प्रमुखता दी जाएगी।






