यूपी – गाजियाबाद/मोदीनगर, अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन’स शूटिंग बॉल लीग का आयोजन 29 नवंबर 2025 को डीजीआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पतला के खेल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि चौधरी रामपाल सिंह, जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय लोक दल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शूटिंग बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष अजय प्रमुख ने की।

कार्यक्रम में एशियाई शूटिंग बॉल फेडरेशन के महासचिव रविंद्र सिंह तोमर, पश्चिम प्रदेश लोकदल के महासचिव योगेंद्र पतला, डीजीआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के चेयरमैन गुलवीर सिंह, प्रधानाचार्य सोनल चौधरी, अतुल तोमर और मोनू कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए खेल भावना और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में डीजीआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पतला ने शानदार खेल दिखाते हुए जेडीएस अकादमी को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जेडीएस टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि एल.आर. सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों के खिलाड़ियों को आयोजन समिति द्वारा ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
आयोजन में स्थानीय खिलाड़ियों के उत्साह, टीम भावना और खेल कौशल ने दर्शकों को प्रभावित किया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं महिलाओं में खेल के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने प्रतियोगिता के सुचारू संचालन की सराहना की और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और बड़े स्तर पर करने की अपेक्षा जताई।






