– बेरोजगार पूर्व छात्रों का तैयार किया जा रहा है डाटा
– त्रिपथगा के संपादन का दायित्व मिला अजय औदीच्य को
विशेष संवाददाता
______________
यूपी – गाजियाबाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय पुरा छात्रसंघ (अउआ) यूनिवर्सिटी के बेरोजगार व अभावग्रस्त पूर्व छात्रों को रोजगार की मुख्यधारा में शामिल कराने के लिये ठोस कार्य करने जा रहा है। देर शाम अउआ की कार्यकारिणी बैठक में इस योजना पर विचार-विमर्श किया गया। संस्था के कुछ बड़े कार्यक्रमों के लिये कमेटियों का गठन भी किया गया और इसके विस्तार के लिये खास कार्यक्रम चलाने का निर्णय हुआ।
अउआ के अध्यक्ष पूर्व आईएएस एसके सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में संरक्षक जे सिंह, शीतलाशंकर विजय मिश्र, डीसी श्रीवास्तव, डॉ. दीपक मिश्रा, महासचिव नवीन चन्द्रा, कोषाध्यक्ष विकास शर्मा, उपाध्यक्ष कुअंर ज्ञानंजय सिंह व आरके सिंह, मीडिया सचिव अजय औदीच्य, प्रो. अमित कुमार जायसवाल, प्रो. अनिल कुमार, आलोक सिन्हा, आदेश शर्मा, अनुराग मिश्रा, गौरव ए. चन्द्रा, पुनीत शुक्ला, गौरव वार्षेय, निखिल गोयल आदि पदाधिकारी शामिल हुए। महासचिव नवीन चन्द्रा ने पिछली बैठक में लिये गए निर्णयों पर हुए कार्यों का ब्यौरा रखा। उन्होंने विदेश व दूसरे राज्यों में संस्था के कार्यक्रमों और गतिविधियों की भी जानकारी दी। कोषाध्यक्ष विकास शर्मा ने अउआ के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया और सदस्यों से सदस्यता रिन्यूवल कराने की अपील की।
बैठक में अध्यक्ष एसके सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के उन छात्रों का डाटा तैयार किया जा रहा है, जो अभावग्रस्त और बेरोजगार हैं। इन पूर्व छात्रों को रोजगार दिलाने के लिये कुछ उन संस्थाओं के साथ साझा कार्यक्रम चलाया जाएगा, जो रोजगारपरक सरकारी योजनाओं पर काम कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार करके विदेशों में भी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को इस योजना में शामिल किया जाएगा, ताकि बेरोजगार और काबिल पूर्व छात्रों को विदेशों में भी रोजगार दिलाया जा सके।
कार्यकारिणी बैठक में स्मारिका ‘त्रिपथगा’ के प्रकाशन का भी निर्णय लिया गया और इसके सम्पादन का दायित्व वरिष्ठ पत्रकार अजय औदीच्य को सौंपा गया। उन्हें सम्पादक मंडल के चयन का अधिकार भी दिया गया। स्मारिका में अउआ के सभी सदस्यों की सूची और देश-विदेश में इसकी शाखा कमेटियों की लिस्ट भी प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया। सदस्यों की सूची व मोबाइल नंबर्स अपडेट करने के लिये पूर्व पीसीएस जितेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई। कमेटी के बाकी सदस्यों का चयन जे सिंह ही करेंगे। कमेटी ने बारिश के बाद एक कार्यक्रम उत्तराखंड में भी आयोजित करने का निर्णय लिया। अउआ के सभी सदस्यों से यह अनुरोध करने का निर्णय भी हुआ कि वे अपनी जानकारी वाले पूर्व छात्रों को संस्था का सदस्य बनाने के लिये प्रेरित करें।






