रेडक्रॉस सोसाइटी के बोर्ड गठन की निर्वाचन प्रक्रिया शुरू, 25 अक्टूबर को होगा मतदान

901 सदस्य और 793 मतदाताओं की सूची जारी

यूपी – गाजियाबाद। रेडक्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद के बोर्ड गठन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए सोसाइटी के सदस्यों और मतदाता सूची का परीक्षण करने के बाद कुल 901 सदस्यों और 793 मतदाताओं की सूची जारी की गई है।

जिला मलेरिया अधिकारी को निर्वाचन प्रक्रिया के लिए नोडल अधिकारी तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है। अधिकारियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर निर्वाचन प्रक्रिया और निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी दी।

जारी सूचना के अनुसार, केवल मतदाता सूची में शामिल सदस्य ही बोर्ड गठन के लिए प्रत्याशी के रूप में नामांकन कर सकेंगे। इसी प्रकार, मतदाता सूची में दर्ज सदस्य ही मतदान करने के पात्र होंगे।

बोर्ड गठन के लिए प्रत्याशियों का नामांकन 16 और 17 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, गाजियाबाद में किया। इसके बाद 22 अक्टूबर को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 25 अक्टूबर को मतदान कराया जाना प्रस्तावित है।

रेडक्रॉस सोसाइटी के बोर्ड गठन की इस निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन से लेकर अंतिम प्रत्याशी सूची के प्रकाशन और मतदान तक की सभी गतिविधियां निर्धारित तिथियों पर पूरी की जानी हैं।