राहुल गोयल भारतीय खाद्य निगम की सलाहकार समिति के सदस्य नामित

यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के नेता राहुल गोयल को भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा उत्तर प्रदेश के लिए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की सलाहकार समिति का पुनः सदस्य नामित किया गया है। इस जिम्मेदारी पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई।

राहुल गोयल रेल सलाहकार समिति के सदस्य और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल के मीडिया सलाहकार भी हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के सूचना प्रौद्योगिकी एवं मीडिया प्रकोष्ठ में जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा वह बैडमिंटन एसोसिएशन गाजियाबाद के मीडिया प्रभारी भी हैं।

राहुल गोयल ने इंजीनियरिंग के बाद प्रबंधन की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने भारतीय प्रबंधन संस्थान, कलकत्ता, भारतीय विदेश व्यापार संस्थान, नई दिल्ली और इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी, गाजियाबाद जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से शिक्षा ग्रहण की है।

नियुक्ति पर राहुल गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा और राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय खाद्य निगम की सलाहकार समिति में नामित होना उनके लिए सम्मान की बात है। वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से दायित्व निभाते हुए खाद्य निगम से जुड़े विषयों पर रचनात्मक सुझाव देंगे और जनहित में योगदान करने का प्रयास करेंगे।