
यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी की मुरादनगर विधानसभा इकाई की ओर से शास्त्री नगर स्थित रुद्राक्ष पैलेस में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य बूथ संगठन को मजबूत करना और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना रहा।
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री महामेधा नागर ने बूथ अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” और “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रत्येक बूथ को संगठन का सबसे सशक्त केंद्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सम्मेलन में मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल तथा कार्यक्रम संयोजक अमित त्यागी (पार्षद) सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे। मंडल अध्यक्ष राहुल तोमर (कविनगर), गजेंद्र सिंह (गोविंदपुरम), नीरज त्यागी (राजनगर), राहुल गोयल (मुरादनगर शहर) और विपिन चौधरी (मुरादनगर देहात) ने भी सम्मेलन में सहभागिता की।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने तथा संगठन विस्तार के लिए सक्रिय रहने का संकल्प लिया। मुरादनगर विधानसभा के सभी बूथ अध्यक्षों ने वर्ष 2027 के चुनाव में विधायक अजीत पाल त्यागी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने का सामूहिक संकल्प भी दोहराया। सम्मेलन का समापन “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” और “बूथ जीता, चुनाव जीता” के उद्घोष के साथ हुआ।

