
यूपी – गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र में सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने नंदग्राम स्थित शांति फार्म हाउस में डिजिटल वॉलंटियर फोर्स (डीवीएफ), रेड क्रॉस, कांवड़ सेवा शिविर संचालकों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक की।
बैठक में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जियाउद्दीन अहमद ने अब तक की व्यवस्थाओं की जानकारी दी और सभी स्वयंसेवकों व संस्थाओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और संयम के साथ सेवा कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, चिकित्सा सहायता तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहयोग सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने सेवा शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि वे प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही यात्रा मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की।
बैठक में डिजिटल वॉलंटियर फोर्स, रेड क्रॉस और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जियाउद्दीन अहमद ने पिछले वर्षों में कांवड़ यात्रा के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए रेड क्रॉस और डिजिटल वॉलंटियर फोर्स की सराहना करते हुए इस वर्ष भी समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

