
यूपी – गाजियाबाद। रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद ग्रेटर नेक्स्ट ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के सहयोग से इंदिरापुरम स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में ‘ऑक्सीजन ड्राइव’ के तहत 500 पौधों का वृक्षारोपण किया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में जे. के. गौड़, अशोक अग्रवाल, सुरेंद्र शर्मा, एच. के. जोशी, प्रवीण शर्मा, दीपक अग्रवाल, एम. सी. गौड़, इंदिरापुरम के पार्षद धीरज, रोटरी क्लब के सदस्य, जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल के इंटरैक्ट एवं रोटरैक्ट क्लब के विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण प्रेमी शामिल हुए। विद्यार्थियों ने पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया।

जे. के. गौड़ ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण देने का संकल्प है। अशोक अग्रवाल ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। पार्षद धीरज ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
क्लब अध्यक्षा निधि गौड़ ने कहा कि प्रकृति संरक्षण में हर नागरिक की सहभागिता आवश्यक है और सभी को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। परियोजना अध्यक्ष मीनू त्यागी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है।
क्लब सचिव पुष्कर गोयल ने जीडीए, सभी अतिथियों, रोटरी परिवार तथा जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

