हाई ब्लड प्रेशर को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी, स्ट्रोक से बचाव की दी जानकारी

यूपी – गाजियाबाद। महागुन मैस्कॉट सोसायटी में यशोदा हॉस्पिटल की ओर से स्ट्रोक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन डॉ. पुनीत मलिक और सीनियर कंसल्टेंट फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अंकुर गौड़ ने लोगों को स्ट्रोक के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी।

डॉ. पुनीत मलिक ने कहा कि हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह स्ट्रोक जैसी गंभीर मेडिकल इमरजेंसी का प्रमुख कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि स्ट्रोक के लक्षण दिखाई देते ही मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी है, जिससे जान बचाने के साथ मस्तिष्क को होने वाले स्थायी नुकसान से भी बचाया जा सकता है। उन्होंने लोगों को FAST (चेहरा टेढ़ा होना, हाथ में कमजोरी, बोलने में कठिनाई और तुरंत उपचार) के बारे में भी जागरूक किया।

डॉ. अंकुर गौड़ ने कहा कि स्ट्रोक के बाद समय पर फिजियोथेरेपी और पुनर्वास शुरू करने से मरीज की कार्यक्षमता और जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित जीवनशैली, रक्तचाप, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराने तथा धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहने की सलाह दी।

महागुन सोसायटी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को स्ट्रोक के प्रति जागरूक करना और समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में गौरव गर्ग, अमृतांशु, डॉ. सुधा तोमर, डॉ. नेहा रस्तोगी, नेहा महाजन, प्रभजीत कौर और नूपुर जैसवाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। अंत में प्रतिभागियों को फर्स्ट एड किट वितरित की गई।