रालोद कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन मजबूत करने और स्मार्ट गांव बनाने का संकल्प

यूपी – गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल महानगर इकाई की ओर से कविनगर स्थित सभागार में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और आगामी चुनावों की तैयारी को गति देना रहा। कार्यक्रम में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ त्रिलोक त्यागी, इंद्रानी त्यागी, रेखा चौधरी, मधु शर्मा, रामभरोसे लाल मौर्य, हरेंद्र चौधरी, सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू और रविंद्र चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अध्यक्षता सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू तथा संचालन रेखा चौधरी ने किया। तुषार कौशिक अपने समर्थकों के साथ सम्मेलन में शामिल हुए।

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री त्रिलोक त्यागी ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता हैं और प्रत्येक वार्ड में मजबूत संगठन खड़ा करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का समर्थन करते हुए कहा कि रालोद सभी वर्गों को समान सम्मान देने में विश्वास रखता है। उन्होंने रेखा चौधरी की संगठनात्मक कार्यशैली की सराहना करते हुए युवाओं से पार्टी से जुड़ने, किसानों के हितों की रक्षा, शिक्षा और आईटीआई को बढ़ावा देने तथा महानगर के गांवों को स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित करने के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रेस पाल मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसान और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को हर वर्ग तक पहुंचाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन का समापन संगठन की एकजुटता और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ हुआ।