सीबीएसई राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में विज्यांश चौधरी ने जीता स्वर्ण, नेहरू वर्ल्ड स्कूल ने किया सम्मानित

यूपी – गाजियाबाद। नेहरू वर्ल्ड स्कूल, शास्त्री नगर के छात्र एवं गाजियाबाद शूटिंग क्लब के प्रतिभाशाली शूटर विज्यांश चौधरी ने 69वीं सीबीएसई एसजीएफआई नेशनल स्कूल गेम्स पिस्टल एवं राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालक वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय, जनपद गाजियाबाद और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

प्रतियोगिता 5 से 9 जनवरी तक मध्य प्रदेश स्टेट शूटिंग अकादमी, बिशनखेड़ी (भोपाल) में आयोजित हुई। विज्यांश चौधरी ने 400 में से 381 अंक (15X) हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन किया।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर नेहरू वर्ल्ड स्कूल, शास्त्री नगर ने विज्यांश चौधरी को ₹1,02,620 का सम्मान-चेक प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।

विज्यांश चौधरी, अजय प्रमुख के छोटे पुत्र हैं। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, गाजियाबाद शूटिंग क्लब के सदस्यों तथा क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय ने विश्वास जताया कि विज्यांश आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।