
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के गाजियाबाद आगमन पर साहिबाबाद स्थित मॉडर्न कॉलेज में महानगर एवं जिला कार्यसमिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र और 2017 से उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार राष्ट्रवाद की भावना के साथ विकास, विश्वास और जनकल्याण के कार्य कर रही है। सड़क, विद्युत, औद्योगिक विकास, अर्थव्यवस्था, रोजगार, रक्षा और आधारभूत संरचना सहित सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां संगठन की ताकत और समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम हैं। भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। संगठन को और मजबूत बनाने के लिए 22 जुलाई को प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भाजपा उत्तर प्रदेश में फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है और प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनसेवा में सक्रिय रहना चाहिए।
बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, मंत्री नरेंद्र कश्यप, विधायक अजीत पाल त्यागी, मंजू शिवाच, नंदकिशोर गुर्जर, प्रदेश मंत्री बसंत त्यागी, अंकुर शर्मा, मानसिंह गोस्वामी, महानगर व जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, महानगर एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

