
उत्तराखंड – हरिद्वार। श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े ने हरिहर आश्रम, कनखल में आयोजित धार्मिक समारोह में शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर एवं जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी की शिष्या डॉ. उदिता त्यागी को महामंडलेश्वर घोषित किया। आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी ने उन्हें नया संन्यास नाम प्रत्यंगिरा गिरी प्रदान किया।
समारोह में वरिष्ठ अध्यक्ष स्वामी प्रेम गिरी, अंतरराष्ट्रीय महामंत्री स्वामी महेश पुरी तथा अन्य संतों की उपस्थिति में वैदिक विधि-विधान से सभी धार्मिक संस्कार संपन्न कराए गए। यति नरसिंहानंद गिरी ने घोषणा की कि अब उन्हें महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी के नाम से जाना जाएगा।
आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी ने कहा कि यति नरसिंहानंद गिरी जूना अखाड़े का अभिन्न अंग हैं और उनका संघर्ष सनातन धर्म की रक्षा के लिए है। उन्होंने नव नियुक्त महामंडलेश्वर प्रत्यंगिरा गिरी से अपने गुरु के सिद्धांतों पर चलते हुए सनातन धर्म के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के बाद महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी ने यति नरसिंहानंद गिरी, स्वामी प्रेम गिरी, स्वामी महेश पुरी तथा अन्य संतों के साथ माया देवी मंदिर और आनंद भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने सनातन धर्म की सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प व्यक्त किया।
यति नरसिंहानंद गिरी ने घोषणा की कि महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम, मुरादनगर का पीठाधीश्वर भी नियुक्त किया गया है। समारोह में जूना अखाड़े के अनेक संत एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

